फतेहपुर/नि.सं.
किशनपुर थाना क्षेत्र के मददअलीपुर मजरे रामपुर गांव की एक महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर बताया कि दो माह पूर्व पड़ोसी युवक ने तमंचे के बल पर उससे शारीरिक संबंध बनाया था। मर्यादा की खातिर वह चुप रही। दो दिन पूर्व फिर युवक उसके घर में घुस आया और गलत काम करने लगा। शोर-शराबा सुनकर सास व मजदूरी करने गया पति मौके पर आ गये। तभी कुछ लोग आये और पति के साथ जमकर मारपीट की। उसने मामले की जांच कराकर कार्रवाई किये जाने की गुहार लगायी है। पुलिस अधीक्षक को दिये गये शिकायती पत्र में मददअलीपुर मजरे रामपुर गांव निवासी बसंती देवी पत्नी पुस्सू ने बताया कि दो माह पूर्व पड़ोसी गोवर्धन पुत्र विजय कुमार ने उसके साथ तमंचे के बल पर जबरन मुंह काला किया था। उसके पति पंजाब में धान लगाये गये थे। अपनी इज्जत मर्यादा की खातिर उसने यह बात किसी से नहीं बताई थी। गोवर्धन उसे बार-बार परेशान करता है। कहता है कि अगर किसी से बताया तो उसे व उसके पति को गोली मार देगा। 17 सितम्बर की शाम छह बजे गोवर्धन उसके घर आ गया और जबरन गलत काम करने लगा। उस समय पति मजदूरी करने गया था। शोर-शराबा सुनकर उसकी सास और कुछ लोग आ गये। उसने पूरी बात बतायी। इसी बीच मजदूरी करके उसके पति भी आ गये। तभी छोटेलाल व कमलजीत पुत्रगण विजय व छेद्दा पुत्र केशशी लाठी-डण्डों से लैस होकर आये और उसके पति के साथ मारपीट करने लगे। जिससे पति घायल हो गये। उसने मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किये जाने की गुहार लगायी है।