फतेहपुर/नि.सं.
खागा कोतवाली क्षेत्र के कटोघन गांव में रविवार की सुबह उस समय हड़कम्प मच गया जब जंगल में एक विशालकाय अजगर ने नीलगाय के बच्चे को निगल लिया। आस-पास खेतों में काम कर रहे लोगों ने जब यह नजारा देखा तो तत्काल इसकी जानकारी वन विभाग को दी। टीम मौके पर पहुंची और दो घण्टे रेस्क्यू आपरेशन चलाकर अजगर के पेट से बच्चे को बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो गयी थी। उधर अजगर का पेट भी बच्चे की सींघ की वजह से फट गया। अजगर को टीम ने जंगल में छोड़ दिया। बताते चलें कि कटोघन गांव के बाहर खेतों पर किसान अपना कार्य कर रहे थे। तभी उनकी निगाह पड़ी कि एक विशालकाय अजगर ने नीलगाय के बच्चे को निगल लिया है। नीलगाय का बच्चा भी अपने आपको बचाने के प्रयास में लगा था। पैर चलाने व सिर घुमाने की वजह से अजगर का पेट फट गया। इसके बावजूद अजगर ने नीलगाय के बच्चे को नहीं छोड़ा। यह नजारा देखते ही लोगों के बीच कौतूहल बन गया। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गयी। लोग अजगर को देखने के लिए उक्त स्थान पर पहुंचने लगे। उधर ग्रामीणों ने इसकी जानकारी वन विभाग को दी। जानकारी मिलने पर विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची और अजगर के पेट से नीलगाय के बच्चे को निकालने का प्रयास शुरू किया। लगभग दो घण्टे चले रेस्क्यू आपरेशन के बाद अजगर के पेट से नीलगाय का बच्चा बाहर आ गया लेकिन तब तक उसकी दम घुटने से मौत हो गयी थी। उधर अजगर भी लहुलूहान हो गया था। जिसे टीम ने जंगल ले जाकर छोड़ दिया। गांव में पूरा दिन यह चर्चा का विषय बना रहा। लोगों का कहना था कि यदि यह अजगर किसी इंसान के बच्चे को निगल जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।