हुसैनगंज/फतेहपुर संवाददाता
प्रदेश सरकार द्वारा सड़कों की स्थिति सुधारने के लाखों दावों के बावजूद ग्रामीण अंचलों में सड़कों की हालत खस्ताहाल है। इन सड़कों को सुधारने की सुधि सरकार नहीं ले रही है। क्षेत्रीय जन प्रतिनिधियों की उपेक्षा के चलते आज भी ग्रामीण अंचल के लोग नारकीय जीवन जीने को बजबूर है। ग्रामीण क्षेत्र की जर्जर मार्गो की हालत नही सुधर रही है। मालूम हो कि हुसैनगंज डलमऊ मार्ग पर स्थित फिरोजपुर भकुआ तिराहे से लेकर रामपुर महेवा तक करीब 8 किलोमीटर लम्बे संपर्क मार्ग की हालत दयनीय स्थिति में है। इस मार्ग में जगह जगह बड़े बड़े गड्ढे हो जाने से राहगीरों के आवागमन में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग नरौली बुजुर्ग,अमिलिहापाल और मवई को जोड़ता है,जिससे इस मार्ग पर प्रति दिन सैकड़ों लोगों का आवागमन होता है। लेकिन अब यह मार्ग इतनी दयनीय स्थिति में है कि लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। लोधौरा गांव से लेकर सिहार तक सड़क गायब होकर तालाब में तब्दील हो चुकी है,जहां कमर तक पानी भरा हुआ है,इस मार्ग से लोगों का अब निकलना मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों ने रास्ता बदल कर खेतों से निकलने को मजबूर हैं। सिहार गांव के पूर्व प्रधान टेक चंद्र मौर्य, ननकऊ मौर्य, राम चंद्र लोधौरा के क्षत्रपाल, महेश कुमार, विनोद आदि ने बताया की सिहार मार्ग इतना जर्जर हो गया है कि अब हम लोगों का निकलना मुश्किल है। कई बार क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह से सड़क मार्ग को बनवाए जाने की मांग कर चुके हैं लेकिन आज तक इस मार्ग की मरम्मत तक नहीं कराई गई। जिससे अब यह मार्ग बड़ी दयनीय स्थिति में है।