फतेहपुर संवाददाता
यातायात माह नवंबर अब अंतिम दौर में है। अधिक से अधिक वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से तरह-तरह के अभियान चलाए जा रहे हैं। सोमवार को विशेष अभियान के तहत पुलिस कर्मियों ने यातायात जागरूकता रैली निकाली। विभिन्न मार्गों पर भ्रमण कर वाहन चालकों को नियमों की जानकारी दी। उधर पुलिस अधीक्षक ने बाइक चालकों को हेलमेट का वितरण करते हुए उन्हें नियमों के प्रति जागरूक किया। यातायात जागरूकता रैली का आयोजन पुलिस कार्यालय से किया गया। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। बाइक रैली में शामिल पुलिस कर्मियों ने शहर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण कर वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। उधर पुलिस अधीक्षक ने नऊवाबाग तिराहे पर बिना हेल्मेट लगाए बाइक चलाने वालों को हेल्मेट लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्हें हेलमेट का वितरण भी किया। एसपी ने कहा कि बाइक चलाते समय हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें। वाहन को अधिक गति से न चलाएं। चार पहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का प्रयोग करें। शराब पीकर वाहन न चलाएं। सांकेतकों का ध्यान रखें। उन्होने कहा कि यातायात नियमों का पालन करके ही मार्ग दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर दिनेश चंद्र मिश्रा, क्षेत्राधिकारी लाइन अनिल कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अनूप कुमार सिंह, उपनिरीक्षक यातायात हरेन्द्र सिंह के अलावा अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।