
मिरजापुर,नि.सं.
अदलहाट क्षेत्र के बड़भुइली ग्राम स्थित आर्यावर्त बैंक के पास बुधवार की सुबह जरगो फीडर (नहर) में एक युवक का शव व नहर किनारे बाइक मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह सिवान की ओर जा रहे ग्रामीणों ने नहर में युवक का शव देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी चुनार रामानंद राय ने अदलहाट पुलिस से शव को नहर से बाहर निकलवाकर आसपास के लोगों से पहचान कराई। उसकी शिनाख्त अदलहाट थाना क्षेत्र के बिसौरा खुर्द ग्राम निवासी विजय कुमार (35) के रूप में हुई। विजय वाहन चलाने का काम करता था। मंगलवार को वह अहरौरा गया था। सुबह तक घर नहीं पहुंचा तो उसकी चिता होने लगी। उसकी खोजबीन के लिए लोग निकले। इसी बीच किसी ने बताया कि एक युवक का शव जरगो फीडर नहर में मिला है। उसकी बाइक भी नहर किनारे पड़ी है। यह सुनकर विजय के साथ किसी अनहोनी होने की आशंका जताते हुए वे नहर पर पहुंचे। शव देखा तो वह विजय का था। छोटे भाई ने बताया कि वे नहर में कैसे गिरे या उन्हें किसी ने गिराया इसकी जानकारी उन लोगों को नहीं है। उनकी मौत को संदिग्ध मानकर घटना की तहरीर देते हुए इसकी जांच करने की मांग की गई है। मृतक को दो पुत्र व दो पुत्री है।