
महराजगंज संवाददाता
जनपद के अलग-अलग स्थानों पर मौसम का मिजाज भिन्न रहा। बृहस्पतिवार को कहीं बूंदाबांदी तो कहीं मध्यम गति से बह रही हवाओं ने गलन बढ़ा दी। कुछ जगहों पर ओले भी गिरे। हल्की धूप भी बेअसर लग रही थी। शुक्रवार को भी गरज चमक के साथ बूंदाबांदी के आसार हैं।
महराजगंज शहर में बारिश नहीं हुई, लेकिन मध्यम गति से बह रही हवाओं से गलन ज्यादा हो रही है। शाम तक कोहरे छाने लगा। बीते कई दिनो से मौसम में उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है। ठंडी हवाओं के कारण दो पहिया वाहन चलाने वालों के हाथ सुन्न हो जा रहे है। सुबह से ही ठंडी हवाओं के साथ कभी धूप तो कभी बदली छाई रही। दोपहर बाद अचानक मौसम में बदलाव हुआ। कस्बे में शाम करीब सवा चार बजे अचानक बूंदाबांदी शुरू होते ही ओलावृष्टि होने लगी, इससे दलहन तिलहन की फसल को नुकसान पहुंचा है । किसान सूरज मिश्रा, रामअवध, उमाशंकर यादव, ओमप्रकाश यादव, योगेश सिंह, सुकई,लक्ष्मी शंकर यादव ने बताया कि फसल को नुकसान हुआ है।
मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को हवा की गति तेज हो सकती है। अधिकतम तापमान में गिरावटो दर्ज होने की संभावना है। गरज चमक के साथ कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है।