फतेहपुर/ब्यूरो
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के गांव नंदापुर में शनिवार सुबह उस समय चर्चाओं का दौर शुरू हो गया, भतीजे की मौत की खबर सुनते ही चाची ने फांसी लगाकर जान दे दी। एसपी घटना स्थल पहुंचे और थानाध्यक्ष को दोनों मामले की एक साथ विवेचना करने का निर्देश दिया। पति की मौत के बाद से चाची लिव इन रिलेशन में भतीजे के साथ रह रही थी।
तालाब में उतराता मिला युवक का शव
कोतवाली बिंदकी के नंदापुर गांव निवासी 24 वर्षीय विमल कुशवाहा शुक्रवार शाम घर से निकला और फिर नहीं लौटा। कुछ लोगों ने देर शाम खजुहा कस्बे के मां पंथेश्वरी मंदिर के तालाब के किनारे उसे बैठा हुआ देखा। शनिवार सुबह मंदिर पहुंचे तो उन्होंने तालाब में उसका शव उतराता हुआ दिखा। कुछ ही देर में आसपास गांव के लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पुलिस मौके में पहुंची। ग्रामीणों ने दिवंगत की शिनाख्त कर स्वजन को सूचना दी। उधर युवक की मौत की खबर जैसे ही जहानाबाद थाने के भवानी सिंह का पुरवा गांव स्थित मायके में रह रही युवक की चाची उमा देवी को मिली तो उन्होंने भी घर के अंदर छत में लगे हुक से साड़ी बांध फांसी लगा कर जान दे दी।
दो दिन पहले ही गांव आए थे दोनों
कोतवाली प्रभारी सत्येंद्र सिंह ने बताया कि विमल अपनी चाची के साथ लिव इन रिलेशन में चार माह से रह रहा था। ग्रामीणों में भी चर्चा थी कि दिवंगत विमल अपनी 40 वर्षीय चाची उमा के साथ पिछले चार माह से लिव इन रिलेशन में कहीं बाहर रह रहा था। गुरुवार ही दोनों आगे-पीछे गांव आए थे। शुक्रवार को उमा देवी मायके भवानी सिंह का पुरवा गांव चली गई थी। इसके कुछ समय बाद ही विमल भी घर से निकल गया था। एसपी प्रशांत वर्मा ने कहा कि दोनों घटनाएं खुदकुशी की है, कोतवाली प्रभारी को एक साथ जोड़कर दोनों घटनाओं की जांच करने के आदेश दिए हैं।
स्वजनों ने दी अलग-अलग तहरीर
दिवंगत विमल के पिता ने पुलिस को जो तहरीर दी है उसमें कहा है कि विमल बंगलौर में शटरिंग का काम करता था। दो वर्ष पूर्व बंगलौर से आने के बाद छोटे भाई के घर पर चाची के साथ रहने लगा। उसका शव खजुहा स्थित तालाब में पड़ा मिला है। उधर दिवंगत महिला के पिता ने जहानाबाद थाने में तहरीर दी कि दामाद की मौत के बाद से बेटी काफी गमगीन रहती थी, जिसके चलते उसने शनिवार की सुबह घर में फांसी लगा ली है।
चार माह पूर्व चौकी पहुंचा था मामला
भतीजे के साथ चाची का रिश्ता होने की सूचना होने पर परिवार में ही विरोध शुरू हो गया। इस पर मामला खजुहा चौकी पहुंचा था। हालांकि वहां भी दोनों एक साथ रहने को राजी हो गए थे। दोनों के बालिग होने पर पुलिस व स्वजन कुछ नहीं बोले थे। नंदापुर गांव निवासिनी उमा देवी के पति जगदीश कुशवाहा की मौत डेढ़ वर्ष पूर्व नागपुर में एक दुर्घटना में हुई थी। इसके बाद उमा ने जेठ के पुत्र विमल को घर पर रख लिया था। स्वजनों को जब पता चला तो उन्होंने विरोध किया। विमल के चाचा ने बताया कि मामला खजुहा चौकी गया तो वहां पर काफी विवाद हुआ था। दोनों के एक साथ रहने की जिद पर उमा के मायके वालों ने भी इस पर सहमति दे दी थी। इसके बाद दोनों गांव से दूर कहीं चले गए, लेकिन महिला के दोनों बच्चे गांव में रहते हैं।
Related Stories
December 6, 2023