बलिया/सं.सू.
सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के सिसवारकलां गांव के नेमछपरा टोला में बुधवार की आधी रात हथियारों से लैंस डकैतों ने केदार चौधरी के घर पर धावा बोल दिया। ग्रामीणों के विरोध पर डकैत गोलियां चलाते हुए भाग निकले। डकैतों की इस फायरिंग में गोली गृह स्वामी केदार चौधरी (45 वर्ष) की पेट में जा लगी। इससे वह गंभीर रूप घायल हो गए। इधर ग्रामीणों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए पीछा कर कुछ दूरी पर एक डकैत को पकड़ लिया। घायल केदार की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने गुरुवार को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने इस घटना में शामिल दो अन्य बदमाशों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ ने मौके का मुआयना किया। इस मामले में पुलिस कई अन्य संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। केदार चौधरी के परिवार के सदस्य रात को खाना खाकर घर में सो रहे थे। इसी बीच आधी रात के बाद उनके मकान के पीछे कुछ लोगों ने हथियारबंद बदमाशों को देखा। इस बात की जानकारी गृह स्वामी के भाई दीना चौधरी को मोबाइल फोन पर दी गई। इस सूचना पर दीना के परिवार के पुरूष व महिलाएं लाठी-डंडा लेकर बदमाशों की तलाश करने लगे। इतने में बाहर खड़े बदमाश की नजर ग्रामीणों पर पड़ गई। इसकी जानकारी उसने मकान के अंदर घुसे अन्य साथियों को दी। इस पर अन्य बदमाश सतर्क हो गए और दीवाल फांदकर भागने का प्रयास करने लगे। ग्रामीणों से घिरते देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। ग्रामीण भी बदमाशों से मोर्चा लेने में पीछे नहीं हटे। बदमाशों की फायरिंग में एक गोली गृह स्वामी केदार चौधरी के पेट में जा लगी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने पीछा करते हुए एक डकैत को पकड़ लिया। इसकी पिटाई करते हुए पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने पकड़े गए डकैत के माध्यम से रंगू खरवार व अभय कुमार निवासी बक्सर, बिहार को छापेमारी कर दबोच लिया। इनके पास से तमंचा व कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ ने रात को ही पहुंच कर मौके का मुआयना किया। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। इस दौरान कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस घटना में शामिल दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है। ये सभी खानाबदोश की जिंदगी जीते हैं। अन्य बदमाशों की तलाश की जा रही है।
Related Stories
December 6, 2023