फतेहपुर नि.सं.
मलवां/पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाये जाने के उद्देश्य से माह के आखिरी शनिवार को जनपद के सभी थानों पर सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मलवां थाना पहुंचकर पीड़ितों की समस्याओं को गम्भीरता से सुना और सभी शिकायतों का निस्तारण करने के सम्बन्धित अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को निर्देश दिये। सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस पर जिलाधिकारी संजीव सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल मलवां थाना पहुंचे। समाधान दिवस के मद्देनजर क्षेत्र के सभी पुलिस कर्मियों के साथ-साथ राजस्व कर्मियों ने हिस्सा लिया। थाने पर डीएम-एसपी के आने की सूचना मिलने पर पीड़ित भी अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर थाने पहुंचे। सबसे अधिक अवैध कब्जों व पुलिस से सम्बन्धित शिकायतें रहीं। डीएम-एसपी ने सभी पीड़ितों की समस्याएं एक-एक कर सुनीं और सम्बन्धित अधिकारियों व कर्मचारियों की टीम गठित कर मौके पर जाकर प्रार्थना पत्रों का निस्तारण करने की हिदायत दी। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशानुसार सभी अधिकारी व कर्मचारी कार्य करें। आमजन को त्वरित न्याय दिलाना हम सभी का कर्तव्य है। इसलिए मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण कर आख्या प्रस्तुत की जाये। उधर जिले के अन्य कोतवाली एवं थानों पर भी सम्बन्धित अधिकारियों की देखरेख मे थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में फरियादियों ने अपनी-अपनी शिकायतें रखीं। सभी फरियादियों को निस्तारण का भरोसा दिलाया गया।
Related Stories
December 6, 2023