फतेहपुर/नि.सं.
पांच माह बाद समूचे जनपद के थानों पर शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें सम्बन्धित अधिकारियों व थाना प्रभारियों द्वारा फरियादियों की समस्याओं को सुना गया। डीएम-एसपी ने जाफरगंज थाने पहुंचकर पीड़ितों की समस्याएं सुनकर समाधान के निर्देश दिये। उधर जिलाधिकारी ने जाफरगंज स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर साफ-सफाई देखी व दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। थाना समाधान दिवस पर जिलाधिकारी संजीव सिंह व पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा जाफरगंज थाने पहुंचे। जहां फरियादियों की समस्याओं को सुना। राजस्व व पुलिस से सम्बन्धित सिर्फ दो शिकायतें प्राप्त हुई। जिलाधिकारी ने थाना प्रभारी निरीक्षक जाफरगंज विनोद कुमार, लेखपाल को निर्देश दिये कि टीम बनाकर मौके पर जाकर शिकायती पत्रों का निस्तारण करें। डीएम ने कहा कि थाना समाधान दिवस पर आने वाली शिकायतों का निस्तारण गुणवत्ता के आधार पर किया जाये। फरियादियों के साथ सौतेला व्यवहार न किया जाये। थाने पर आने वाले पीड़ितों की सभी समस्याओं को सुना जाये। उधर पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने निर्देशित किया कि पुलिस जनता से मधुर व्यवहार कायम करे। जिससे लोगों की मदद से क्षेत्र से अपराधियों का सफाया किया जा सके। इसके उपरान्त जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जाफरगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्देश दिये कि कोविड-19 महामारी को दृष्टिगत रखते हुए मास्क व सोशल डिस्टेन्सिंग का पालन करते हुए अस्पताल में आने वाले मरीजो व तीमारदारों को जागरूक किया जाये। स्वास्थ्य केन्द्र में साफ-सफाई संतोषजनक पायी गयी और अस्पताल परिसर में खड़ी घास को हटवाने के निर्देश प्रभारी चिकित्साधिकारी को दिये। स्वास्थ्य केन्द्र में जच्चा-बच्चा कक्ष, प्रसव कक्ष, औषधि कक्ष को देखा। औषधि वितरण कक्ष में दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होने विकास खंड अमौली के ग्राम रोटी का मुआयना किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा की निरोधात्मक कार्यवाही/मेडिकल कैम्प के अभिलेखों का भैतिक सत्यापन किया।
Related Stories
December 6, 2023