सुवंसा/प्रतापगढ़,संवाद सूत्र
रानीगंज थाना क्षेत्र के नरी गांव में वैवाहिक समारोह के दौरान दूल्हा बदल देने पर जमकर हंगामा हुआ। शादी रोक दी गई। रात भर दोनों पक्ष में पंचायत हुई। शुक्रवार को सुबह सुलह होने पर बिना शादी किए बरात लौट गई। नरी गांव निवासी राजेंद्र कुमार सरोज की बेटी वंदना की शादी मेरठ जिले के बैहसुमा थाना क्षेत्र के झुनझुनी गांव के रहने वाले तेजपाल सरोज के बेटे हरेंद्र सरोज से तय हुई थी। गुरुवार की शाम बड़े धूमधाम से राजेंद्र के घर पर बरात आई। द्वारपूजा के दौरान रात करीब 11 बजे लड़की पक्ष के लोगों ने देखा कि जिस हरेंद्र से शादी तय हुई थी, दूल्हा तो वह है ही नहीं। किसी और को दूल्हा बना दिया गया है। इस पर द्वारपूजा की रस्म रोक दी गई।फिर दूल्हा बदलने को लेकर कन्या पक्ष के लोग वर पक्ष से कहासुनी करने लगे। मारपीट तक की नौबत हो गई। इस बीच किसी ने सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्ष के लोगों को थाने ले गई। रात भर दोनों पक्ष में पंचायत चली। समझौता होने पर पुलिस ने शुक्रवार को सुबह दोनों पक्ष के लोगों को छोड़ दिया। इसके बाद बिना शादी किए बरात मेरठ लौट गई। इस बारे में एसओ पवन कुमार त्रिवेदी ने बताया कि दोनों पक्ष ने शुक्रवार को सुबह समझौता कर लिया। इस पर दोनों पक्ष के लोगों को घर जाने दिया गया।