लखनऊ/आर.के.विश्वकर्मा
भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने शनिवार को अपनी टीम यानी भाजपा उत्तर प्रदेश की कार्यकारिणी की घोषणा की है। स्वतंत्रदेव सिंह ने 2022 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर अपनी टीम में युवाओं के साथ अनुभवी लोगों को भी रखा है। इस भारी भरकम टीम में 16 उपाध्यक्ष, सात प्रदेश महामंत्री तथा 16 मंत्री के साथ दो कोषाध्यक्ष भी हैं। विजय बहादुर पाठक तथा पंकज सिंह को प्रोन्नत कर उपाध्यक्ष बनाया गया है। भारतीय जनता पार्टी ने लगभग नई टीम तैयार की है। इसमें 50 वर्ष से कम उम्र के लोगों को वरीयता दी गई है। क्षेत्रीय तथा सामाजिक संतुलन साधने के साथ ही टीम के गठन में इस बार आधी आबादी का भी ठीक से ध्यान रखा गया है। महिलाओं की भाागेदारी को बढ़ाया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह कुर्मी हैं और वह पिछड़ी जाति से आते हैं। भाजपा राज्य संगठन में प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदेश महामंत्री और प्रदेश मंत्री पद काफी अहम माने जाते हैं। इस बार प्रदेश उपाध्यक्ष के 16 पदों पर सवर्ण हैं जबकि पांच पिछड़ी जाति से हैं, दो अनुसूचित जाति और एक जनजाति के लोगों को शामिल किया गया है। भाजपा प्रदेश मंत्री पद पर 16 लोगों को शामिल किया गया है। प्रदेश मंत्री के पद पर पांच सवर्ण, छह पिछड़ी जाति से और पांच अनुसूचित जाति और जनजाति से आने वाले लोग हैं। प्रदेश महामंत्री के पद पर शामिल सात लोगों में पांच सवर्ण हैं। एक ओबीसी और एक दलित को जगह दी गई है। भाजपा ने इस बार प्रदेश की नई कार्यकारिणी में सामाजिक समीकरणों का पूरा ख्याल रखा है साथ-साथ इलाकाई प्रतिनिधित्व भी देने की पूरी कोशिश की है। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष ने अपना कार्यकाल संभालने के लम्बे समय बाद शनिवार को अपनी टीम की घोषणा की है। माना जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की ओर से हरी झंडी मिलने के बाद टीम की घोषणा की गई है। प्रदेश भाजपा की नई कार्यकारिणी अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह को मिलाकर 42 सदस्यीय है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने अपनी टीम बनाने में करीब साल भर का समय लिया है। स्वतंत्र देव सिंह की टीम में 16 प्रदेश उपाध्यक्ष हैं, जबकि सात प्रदेश महामंत्री बनाए गए हैं। 16 प्रदेश मंत्री के साथ दो कोषाध्यक्षों को टीम में जगह दी गई है।
प्रदेश उपाध्यक्ष-लक्ष्मण आचार्य (वाराणसी), पंकज सिंह (नोएडा), विजय बहादुर पाठक (लखनऊ), कांता कर्दम (मेरठ), सलिल विश्नोई (कानपुर), दयाशंकर सिंह (बलिया), सुरेंद्र नागर (नोएडा), सतपाल सैनी (मुरादाबाद), पद्मसेन चौधरी (बहराइच), नीलम सोनकर (आजमगढ़), कमलावती सिंह (कानपुर), प्रकाश पाल (कानपुर), संतोष सिंह (लखनऊ), देवेंद्र चौधरी( मेरठ), ब्रजबहादुर उपाध्याय (हाथरस) व सुनीता दयाल (गाजियाबाद)।
प्रदेश महामंत्री-जेपीएस राठौर (शाहजहांपुर), गोविंद नारायण शुक्ल(अमेठी), अश्वनी त्यागी (मेरठ),अमरपाल मौर्य (प्रतापगढ़), सुब्रत पाठक (कन्नौज),अनूप गुप्ता (लखीमपुर) व प्रियंका रावत (बाराबंकी)।
प्रदेश मंत्री-त्रयंबक त्रिपाठी (संतकबीर नगर), सुभाष यदुवंश (बस्ती), संजय राय (गाजीपुर), चंद्रमोहन सिंह (बुलंदशहर),देवेश कोरी (कानपुर), शंकर गिरी (वाराणसी), अंजुला माहौर (आगरा), अशोक जाटव (चित्रकूट), प्रांशुदत्त द्विवेदी (फर्रुखाबाद), मीना चौबे (वाराणसी), रामचंद्र कनौजिया (लखनऊ), शकुंतला चौहान-लोनिया (गोरखपुर), अनामिका चौधरी-निषाद (प्रयागराज) व पूनम बजाज(अलीगढ़)।
प्रदेश कोषाध्यक्ष-मनीष कपूर (वाराणसी) व संजीव अग्रवाल (बरेली)।