बलिया/संवाद सूत्र
सदर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर उदयभान में गुरुवार की भोर में पत्नी के जहर पीने के बाद पति ने भी फांली लगा ली, जिससे दोनों की मौत हो गई। जानकारी होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना के पीछे पारिवारिक विवाद को कारण बताया जा रहा है। वारदात की जानकारी होने के बाद पुलिस अधीक्षक विपिन ताडा घटना स्थल पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। वहीं पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर विधिक जांच में जुट गई है। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के महथापार निवासी मनोज गुप्ता (28) की शादी जनवरी 2020 में खुशबू (22) निवासी जेठवार से हुई थी। मनोज रामपुर उदयभान में किराये के मकान में रहता था। पुलिस लाइन के बगल में फल की दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। इन दोनों का चार माह का बेटा शिवम भी है। भोर में रोते हुए मासूम को मनोज ने बगल में रह रही अपनी मां को दे दिया। इसके बाद कमरा बंद कर लिया। इसी बीच विवाद के दौरान पत्नी ने जहर पी लिया। इसके बाद पति ने पंखे से फांसी लगा ली। कुछ देर बाद बच्चे के काफी रोने पर मनोज की मां उसे देने के लिए गईं। काफी आवाज देने के बाद दरवाजा नहीं खुलने पर उन्होंने अगल-बगल के लोगों को आवाज दी। दरवाजा तोड़ने पर दोनों मृत पाए गए। पुलिस के साथ फारेंसिक टीम ने भी जांच की। पुलिस अधीक्षक ने अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार व कोतवाल बाल मुकुंद मिश्र को जांच के निर्देश दिए हैं।
महिला सिपाही को आया चक्कर
घटना स्थल पर पुलिस अधीक्षक के निरीक्षण के दौरान लटकते शव को देखकर महिला सिपाही को चक्कर आने लगा। जवानों ने सिपाही साधना सिंह को किसी तरह संभाला।
Related Stories
December 4, 2023