फतेहपुर/संवाद सूत्र
यमुना नदी में स्नान करते समय बुधवार सुबह पांच लड़कियां गहरे पानी में डूब गईं। नाविकों ने चार लड़कियों को डूबने से बचा लिया लेकिन एक किशोरी डूब गई। पुलिस गोताखोरों की मदद से उसे तलाश रही हैं। नदी से निकाली गई चार लड़कियों को जिला अस्पताल भेजा गया है। इनमें दो किशोरियों की हालत नाजुक बताई जा रही है। ललौली थाने के यमुना तट पर बसे उरौली गांव के लोग रोज की तरह सुबह नदी में स्नान करने के लिए गए थे। जहां गांव की गुंजन (13), ऊषा (11), सोनम (18), रीना (12) और श्रद्धा (18) भी स्नान करने के लिए गई थी। बताते हैं कि स्नान करते समय लड़कियां गहरे पानी में जाकर डूबने लगी। तभी वहां मौजूद लोगों ने शोरगुल किया। आवाज सुन नाविकों ने नदी में छलांग लगाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद गुंजन, ऊषा, गुड्डन और श्रद्धा को बाहर निकाल लिया। लेकिन रीना नदी में डूब गई। नाविकों ने उसे निकालने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सकी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नदी से बाहर निकाली गई लड़कियों को जिला अस्पताल पहुंचाते हुए गोताखोर की मदद से किशोरी की तलाश शुरू की। लेकिन दो घंटे बाद भी कोई सफलता नहीं मिली। उधर, नाजुक हालत में भर्ती की गई गुंजन और ऊषा का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।