हुसैनगंज/फतेहपुर(विपिन साहू), /
श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो अनियंत्रित होकर खंती में पलट गई। तेज रफ्तार की वजह से तीन बार पलटती चली गई और पेड़ से टकराने के बाद रुकी। हादसे में बोलेरो चालक की मौत हो गई और 11 श्रद्धालु घायल हो गए। जिला अस्पताल से घायल एक किशोरी को कानपुर रेफर किया गया है। बाकी लोगों को भर्ती किया गया है। हादसा बांदा टांडा(एनएच 232) हाईवे पर हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरैला गांव के पास हुआ। हादसे में बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के ईसापुर निवासी बोलेरो चालक सुजीत पटेल उर्फ बब्लू (35) की मौके पर ही मौत हो गई। इसी गांव के प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षक इच्छाराम (45) व उनकी पत्नी सरोज (40), बेटी हिमांशी (14), परिवार की सुनीता (40) पत्नी शिवप्रसाद, सावित्री देवी (42) पत्नी रामसजीवन, आशा देवी (55) पत्नी स्व. वंशगोपाल, अनीता (45) पत्नी संतोष, बिटान देवी (50) पत्नी शिवचरन, उर्मिला (32) पत्नी चंद्रभान, शिवकली (45) पत्नी रमेशचंद्र, कुसमा देवी (45) पत्नी मुनेश घायल गंभीर रूप से घायल हुए।इच्छाराम ने बताया कि परिवार की एक मान्यता पूरी हुई थी। पत्नी सरोज सुुहागिन महिलाओं को संकठा देवी मंदिर के दर्शन कराने और प्रसाद ग्रहण कराने मान्यता पूरा करने आई थी। दर्शन के बाद बोलेरो से घर लौट रहे थे। सरैला गांव के पास सामने से ट्रक आता देखकर चालक ने साइड में बोलेरो दबाई। तभी पहिया हाईवे पर गड्ढे में चले जाने से बोलेरो अनियंत्रित हो गई। बोलेरो खंती में तीन बार पलटती चली गई। पेड़ से टकराने के बाद रुकी।हादसा देखकर आसपास के लोग आए। बोलेरो में फंसे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने सभी एंबुलेंस से जिला पहुंचाया। मौके पर मृतक चालक सुजीत उर्फ बब्लू का शव पुलिस ने पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया है। जिला अस्पताल से घायल हिमांशी को कानपुर हैलट रेफर किया गया। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि बोलेरो रफ्तार में थी। घटनास्थल के किनारे गड्ढे भी है, तभी बोलेरो अनियंत्रित होकर पलटी है।