फतेहपुर, संवाददाता,/
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व महासचिव प्रियंका गांधी की पद यात्रा में सारथी रह चुके कांग्रेस नेता व हुसैनगंज विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी शिवकांत तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी जन संवाद पद यात्रा निकालकर हुसैनगंज विधानसभा के निवासियों की समस्याओं से रूबरू होंगे। संवाद कर कांग्रेस पार्टी की नीतियों को बताकर लोगों को जोड़ने का काम करेंगे। उक्त बातें कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष अखिलेश पांडेय, पूर्व प्रत्याशी हुसैनगंज शिवकांत तिवारी एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुधाकर अवस्थी ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताई। बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित मीडिया जन सम्पर्क केंद्र में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष अखिलेश पाण्डेय, हुसैनगंज विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी शिवकांत तिवारी एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुधाकर अवस्थी ने बताया कि हुसैनगंज विधानसभा के निवासियों की समस्याओं एवं जन प्रतिनिधियों की अनदेखी से जनपद की अनेकों लंबित मांगो को लेकर जन संवाद पद यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा के ज़रिए लोगों को कांग्रेस पार्टी की नीतियों से अवगत कराने के साथ ही पार्टी से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। बताया कि यात्रा एक से लेकर 8 दिसंबर तक यात्रा हुसैनगंज विधानसभा के विभिन्न गांवों में जाएगी एवं रात्रि विश्राम के जरिए कांग्रेस कार्यकर्ता लोगों से संवाद करने का काम करेंगे। बताया कि उनकी प्रमुख मांगो में फतेहपुर रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर गणेश शंकर विद्यार्थी के नाम पर रखने, हुसैनगंज डलमऊ मार्ग, संवत हथगाम, गुरसंडी, खागा मार्ग समेत अन्य मार्गाें को गड्ढा मुक्त करना, ऐरायां, प्रेमनगर से मंडवा मार्ग निर्माण, आवारा पशुओं की समस्याओं का निराकरण, डीएपी यूरिया खाद की किल्लत को दूर करने, घरेलू सिलेंडर के दाम को कम करके 450 रुपये करने, जिला अस्पताल के नाम पूर्व मंत्री जागेश्वर के नाम पर करने आदि की मांगे शामिल हैं। कहा कि पद यात्रा के प्रथम चरण में गांवों का भ्रमण करने रात्रि विश्राम एवं नुक्कड़ सभाएं आदि की जाएगी। कांग्रेस पार्टी की मिशन 2024 फतह करने की नीतियों के चलते पद यात्रा के जरिए लोगों को पार्टी से जोड़ने की मुहिम शुरू की गई है।