फतेहपुर/संवाद सूत्र
मंसूर मोधनपुर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने सोमवार जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। समूह से चयनित महिला को सामुदायिक शौचालय में सफाई कर्मी नियुक्त ना करने का प्रधान पर आरोप लगाया। समूह ने साफ कहा कि प्रधान अपने चहेते को नौकरी देना चाहते हैं। लिहाजा इस प्रकरण की जांच कराई जाए ताकि व्यवस्था का पालन हो सके। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने प्रधान पर गाली गलौज करने का भी आरोप लगाया। समूह की सावित्री देवी ने बताया कि समूह की तरफ से सामुदायिक शौचालय में सफाई कर्मी के पद पर उनका चयन हुआ है। प्रधान रावेंद्र सिंह अपने चहेते को सफाई कर्मी पद पर नियुक्त करना चाह रहे हैं। धमकी दे रहे हैं कि अगर ज्यादा नेतागिरी की तो नौकरी तो देंगे लेकिन काम इतना लेंगे की, हालत खराब हो जाएगी। बातचीत करने पर अपमानित करने का काम करते हैं। प्रधान के इस कृत्य से समूह के सिद्धांतों पर सीधा हमला हो रहा है। एसडीएम प्रहलाद सिंह को ज्ञापन देने वालों में प्रेमा देवी, शांति देवी, सावित्री, सुशीला, अनीता देवी, फूलमती, दयावती, कलावती, रेनू देवी, संगीता, स्वेता, शांति व सुशीला की मौजूदगी रही।