असोथर/फतेहपुर,संवाद सूत्र
छत के रास्ते एक घर में घुसे चोरों ने जेवर-नगदी समेत लाखों का माल पार कर दिया। जबकि बरामदे में गृहस्वामी सोता रहा। उसे चोरी की घटना की भनक तक नहीं लगी। बिलारीमऊ गांव निवासी मुनरीलाल किसान हैं। उनका बेटा पंजाब में प्राइवेट नौकरी करता है। जबकि बहू मायके चली गई थी। वह रात को घर के बरामदे में सोए थे। उनकी सुबह नींद खुली तो दरवाजा अंदर से बंद था। पड़ोसी की छत से वह चढ़कर घर के अंदर पहुंचे। बहू के कमरे की अलमारी और तीन बक्सों के ताला टूटा पड़ा था। सारा सामान बिखरा हुआ था। नगदी और जेवर गायब थे। किसान ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। थानाध्यक्ष डीडी सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।