फतेहपुर संवाददाता
विधानसभा चुनाव के बाद मतगणना के लिए रखी ईवीएम स्ट्रांग रूम के प्रतिबंधित क्षेत्र में पुलिस कर्मियों के वाहनों के घुसने पर उस समय हंगामा मच गया। जब मंडी परिसर के प्रतिबंधित क्षेत्र में पुलिस अधीक्षक व पुलिस के अन्य वाहनों ने प्रवेश कर लिया। सपा नेताओं ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा पर सवाल उठाने के साथ ही चुनाव आयोग में स्थानीय पुलिस की भूमिका पर संदेह जताते हुए केंद्रीय सुरक्षा लगाए जाने की मांग किया है। सपा नेताओ ने आरोप लगाया कि ईवीएम सुरक्षा के लिए प्रतिबंधित एरिया में पहुंचे पुलिस कर्मियों के पास बड़े-बड़े झोले थे उन्होने ईवीएम के साथ छेड़छाड़ होने की आशंका जाहिर करते हुए चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग किया। वहीं पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने सीआरपीएफ जवान के जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए पुलिस कर्मियों के दल के पहुंचने को स्वीकार करते हुए इसे स्ट्रांग रूम परिसर से दूर बताया। स्ट्रांग रूम के बाहर जन्मदिन पार्टी के आयोजन पर जानकारो से इसे गंभीर विषय व ईवीएम की सुरक्षा से खिलवाड़ बताया। शनिवार की देर शाम बांदा सागर मांर्ग स्थित मंडी परिसर में बने स्ट्रांग रूम के बाहर निगरानी में लगे सपा कार्यकर्ताओं ने मंडी परिसर के प्रतिबंधित क्षेत्र में पुलिस अधीक्षक समेत पुलिस व अन्य वाहनों के प्रवेश करते देख कर हंगामा मचाना शुरू कर दिया। अयाह शाह सपा प्रत्याशी एवं राज्यसभा सदस्य विशम्भर प्रसाद निषाद, बिन्दकी प्रत्याशी रामेश्वर दयालू गुप्ता, सदर प्रत्याशी चन्द्र प्रकाश लोधी आदि ने आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग की गाइड लाइन के अनुसार स्ट्रांग रूम के आस-पास का दो सौ मीटर का क्षेत्र प्रतिबंधित एरिया माना जाता है। जिसमें सुरक्षा कर्मियों के अलावा किसी को प्रवेश की अनुमति नहीं होती। जिसके बाद भी एसपी समेत पुलिस कर्मियों के कई वाहनों को प्रवेश दिया गया। इन वाहनों में बड़े बड़े झोले में वस्तुएं भी रखी हुई थी। जिससे ईवीएम की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। सपा कार्यकर्ताओं के हंगामा बढ़ने पर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने स्वीकार किया कि ईवीएम सुरक्षा में लगे सीआरपीएफ जवान के जन्मदिन की पार्टी आयोजित की गई थी। जिसमे शामिल होने के लिए पुलिस कर्मियों को भी आमंत्रित किया गया था। पार्टी का स्थान ईवीएम के स्ट्रांग रूम से काफी दूर है। वही इस मामले को ईवीएम सुरक्षा में चूक बताते हुए सपा जिलाध्यक्ष विपिन सिंह यादव ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर ईवीएम सुरक्षा से स्थानीय पुलिस को हटाकर केंद्रीय बलो को लगाए जाने व घटना की जाँच कर कार्रवाई की मांग किया। मंडी परिसर में पुलिस की गाड़ियों के प्रवेश करने व ईवीएम की सुरक्षा में चूक का हवाला देते हुए मंडी परिसर के बाहर सपा नेताओं के हंगामे से जनपद में हड़कंप मचा रहा जिससे चारों ओर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।