फतेहपुर/संवाददाता
प्रदेश के नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी की जुबान मंगलवार को यहां फिसल गई। उन्होंने सपा के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की बात का भरोसा नहीं करने की तुलना कुत्ते की लात से कर दी। अशोभनीय कहावत सुनाते हुए कहा कि सपा अब समाप्तवादी पार्टी है। जो जिन्ना को अपना आदर्श बताए, पिता व चाचा को अपमानित कर भगा दे, उस पर कतई विश्वास नहीं किया जा सकता। कहा कि सपा व बसपा शासनकाल में नौकरियों में वसूली होती थी। योगी सरकार में योग्य अभ्यर्थियों को पूरी पारदर्शिता के साथ नौकरियां दी गईं।
कानपुर से प्रयागराज जाते समय लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। कहा कि बहनजी तो लक्ष्मी की देवी हैं। वह बिना पैसे के टिकट नहीं देती हैं। उन्होंने आठ जनवरी को कानपुर के निरालानगर स्थित रेलवे ग्राउंड में होने वाले आगाज 2022 कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की सबसे अपील की। संयोजक रामप्रकाश गुप्त, अनीत कुमार अग्रहरि, संजय मोदनवाल, विनोद अग्रहरि, सत्येंद्र अग्रहरि, अमित शिवहरे, गुड्डू मोदनवाल आदि ने कार्यक्रम में साढ़े तीन सौ वाहनों के साथ प्रतिभाग करने का संकल्प लिया। भाजपा की क्षेत्रीय मंत्री सुधा मौर्या ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इससे पहलेखागा नगर स्थित एक मैरिज हाल में मंत्री ने व्यापारियों संग बैठक की। व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष शिवचंद्र शुक्ल की अगुवाई में व्यापार मंडल पदाधिकारियों व व्यापारियों ने स्वागत किया। डा. अजय गुप्त, हरी गुप्ता, अश्वनी गुप्ता, बीआरएस के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पांडेय, अमिताभ शुक्ल रहे।
नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी को ज्ञापन सौंप मांगा हवाई अड्डा
नमामि गंगे के जिला संयोजक शैलेंद्र शरण सिंम्पल की अगुवाई में व्यापारियों ने कैबिनेट मंत्री से मुलाकात की और जनपद को धार्मिक व व्यापार का केंद्र बताते हुए हवाई अड्डा बनवाने की मांग की। राधेश्याम हयारण, अशोक कुमार, विनोद कुमार गुप्त आदि रहे।