हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता
रामनवमी पर्व पर कस्बे के हनुमान मंदिर (महाबीरन) में भगवान श्रीराम की नैयनाभिराम झांकी वानर सेना के साथ निकाली गई। जयकारों के बीच शोभा यात्रा हनुमान मंदिर से निकली। जो मुख्य मार्गों से भ्रमण करते हुए थाना परिसर पहुंची। जहां गगन भेदी जयकारों के साथ फूलों की वर्षा से भगवान श्रीराम का नमन किया गया तत्पश्चात कस्बा भ्रमण करते हुए श्रद्धालु जय श्री राम के उद्घोष लगाते रहे।
श्रीरामवनमी महोत्सव आयोजन समिति के तत्वाधान में शोभा यात्रा में भगवान श्रीराम का आकर्षक रथ आगे चल रहा था। झांकी में वानर सेना के जामवंत, अंगद, नल-नील आकर्षण का केंद्र रहे। भये प्रकट कृपाला दीन दयाला की स्वर लहरी के बीच जय श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे। आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। भगवान श्रीराम की शोभा यात्रा हनुमान मंदिर से पुरानी बजार, थाना परिसर, हुसैनगंज चौराहे से असनी रोड़ बैंक ऑफ बडौदा होतें हुए शीतला मंदिर, दुर्गा चौराह होते हुए पूर्व स्थान हनुमान मंदिर पहुची। जिन मार्गों से श्रीराम की सवारी निकली घरों में लहराता भगवाध्वज भगवान श्रीराम का स्वागत करता रहा। महिलाएं बच्चे छतों से फूलों की बारिश कर आराध्य देव को नमन किया। शोभा यात्रा में उल्लास के साथ महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग ऐसे चल रहे थे मानों अयोध्या की खुशियां यहां झलक रही हैं।