कासगंज,संवाद सूत्र,/
सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में गोली चलने की सूचना मिलने पर पहुंचे थाना प्रभारी को गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। कासगंज के पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि सिकंदरपुर के थानाध्यक्ष हरिभान सिंह राठौर नरपत गांव में दो पक्षों के बीच खेत में पशु घुसने को लेकर हुए विवाद के बाद गोली चलने की सूचना मिलने पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। उस समय दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी चल रही थी। दीक्षित ने बताया कि हरिभान सिंह राठौर ने मौके से उपद्रव मचा रहे लोगों को रोकने का प्रयास किया, इसी बीच वह भी गोली लगने से घायल हो गए। थानाध्यक्ष के घायल होने बाद फायरिंग कर रहे लोग भाग गए।
पुलिस ने बताया कि घायल थाना अध्यक्ष को गंभीर हालत में अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने गोली कांड की घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए कई टीम गठित की हैं।