हनुमानगंज,प्रयागराज/संवाद सूत्र/
फेरों से पहले जीजा ने ही युवती की हत्या कर दी। सरायइनायत के दलापुर गांव में शनिवार सुबह घर से कुछ दूर पर तालाब के पास उसकी रक्तरंजित लाश मिली। युवती के जीजा के विरुद्ध कत्ल का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस फरार आरोपित की तलाश कर रही है।
दलापुर मुसहा गांव निवासी रामचंद्र बिंद की दो बेटियों में 20 वर्षीय रीना छोटी थी। तीन बेटे भी हैं। रीना की शादी जलालपुर कस्बे में तय की गई थी। तीन दिसंबर रविवार को बरात आनी थी। शुक्रवार की रात महिला संगीत के बाद रीना सोने के लिए छत पर गई थी। सुबह पता चला कि वह लापता है।
घर से करीब आधा किलोमीटर दूर तालाब के पास रीना की खून सनी लाश देख भीड़ लग गई। सरायइनायत थाने की पुलिस पहुंची। खोजी कुत्ता घटनास्थल से चलकर रीना के घर की तरफ गया।
इस दौरान रीना की बड़ी बहन मीना ने कहा कि हत्या उसके पति ताराचंद्र ने की है। पुलिस ने उसे पकडने के लिए हंडिया के भुई गांव में छापा मारा लेकिन नहीं मिला। उसका मोबाइल फोन भी स्विच आफ है।
कई बार दे चुका था मारने की धमकी
बहन मीना ने बताया कि उसका पति ताराचंद्र कहता था कि रीना से शादी करा दो। आठ महीने से उसने उसे मायके में छोड़ रखा था। रीना का विवाह तय होने पर वह धमकी दे रहा था कि उसे मार डालेगा, आखिर उसने वही किया। रात में घटनास्थल पर थी जीजा की लोकेशन डीसीपी गंगानगर अभिषेक भारती ने बताया कि ससुर रामचंद्र बिंद ने दामाद ताराचंद्र के खिलाफ हत्या का नामजद केस लिखाया है। आरोपित के मोबाइल फोन की लोकेशन रात में घटनास्थल के आसपास थी।
Related Stories
January 2, 2024
November 2, 2023