वाराणसी/ब्यूरो
रामनगर थाना क्षेत्र के बाई पास मार्ग पर बुधवार की सुबह चलती आटो में दो महिलाओं ने एक महिला के बैग से जेवरात व नकदी रुपये उड़ा दिए। महिला को संदेह हुआ तो साथ में सफर कर रही दो महिलाओं से पूछताछ की लेकिन दोनों टालमटोल कर भागने लगी।जानकारी पर पुलिस ने दोनों महिलाओं को पकड़ लिया और तलाशी लेने पर उनके पास से नकदी व जेवरात बरामद हुआ। मिली जानकारी के अनुसार थाना जैतपुरा के निवासनी शैलपुत्री प्रियंका विश्वकर्मा अपने पति अशोक विश्वकर्मा के साथ अपने मायके भभुआ बिहार जा रही थीं। गोलगढ्ढा से आटो पकड़कर वह रामनगर चौराहे पर पहुंची। यहां से टेंगरामोड़ जाने के लिए दूसरी आटो में बैठ गई। उसी आटो में दो और महिलाएं बैठी हुई थीं। उन दोनों को टेंगरा मोड जाना था। जब आटो टेंगरा मोड पहुंची तो दोनों महिलाएं उतरकर जाने लगी। इसी दौरान प्रियंका की निगाह अपने बैग पर गई तो देखा कि उसका चैन खुला हुआ था। संदेह होने पर प्रियंका ने दोनों महिलाओं से पूछताछ की तो वह कुछ भी बताने से इंकार करने लगी और जाने लगी। प्रियंका ने पास के ही भींटी पुलिस चौकी में पहुंचकर चौकी इंचार्ज विनोद मिश्रा से अपनी आपबीती सुनाई। चौकी इंचार्ज पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और महिलाओं को हिरासत में ले लिया। जब दोनों के बैग की तलाशी ली तो उसमें से सोने का हार, चांदी की चार चैन, नेकलेस, कान का झुमका, चांदी की अंगूठी व 750 रुपये बरामद हुआ। गिरफ्तार दोनो महिलाएं प्रतिमा और संतोषी काशीपुरा झोपड़ पट्टी की रहने वाली है।
Related Stories
October 23, 2023