नियारडीह/वाराणसी,संवाददाता
चोलापुर थाना क्षेत्र के सहडीह गांव निवासी ठेकेदार कृष्ण कुमार सिंह उर्फ जैन की रविवार की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी होते ही थानाध्यक्ष चोलापुर महेश सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुच गए। गांव मे शांति व्यवस्था के मद्देनजर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घटना स्थल पर फॉरेंसिक टीम समेत एसपी ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी पिंडरा भी पहुंच जांच में जुटे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार मृतक कृष्ण कुमार सिंह उर्फ जय किशन सिंह शनिवार देर रात लगभग एक बजे अपने घर पहुचे। उन्होंने अपनी माताजी से दूध और पहनने के लिए लोअर पैंट की मांग की। एक फोन आने के बाद वह अपने घर के पीछे की तरफ चले गए। जिसके बाद सुबह घर से 100 मिटर की दूरी पर ठेकेदार कृष्ण कुंमार का शव मिला। कृष्ण कुमार के सिर दो गोलियां दागी गई थीं। घटनास्थल पर पुलिस को .32 बोर के दो खोखे भी मिले हैं। शव से कुछ ही दूरी पर एक अवैध देशी पिस्टल भी पड़ा मिला, जिससे यह साफ जाहिर होता है कि हत्यारो ने हत्या को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया है। बता दें कि सहडीह निवासी शैलेश सिंह के इकलौते पुत्र कृष्न कुमार सिंह अपने गांव से प्रधान पद के चुनाव की तैयारी में लगे हुए थे। लेकिन आरक्षण में सीट सामान्य नहीं होने के कारण उन्हें पीछे हटना पड़ा। जिसके बाद चोलापुर सेक्टर नंबर-4 से भाजपा अधिकृत जिला पंचायत प्रत्याशी राजेश सिंह के समर्थन में प्रचार प्रसार कर रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार कुछ दिन पहले तक ठेकेदार कृष्ण कुमार सिंह उसी क्षेत्र के निर्दल जिला पंचायत प्रत्याशी आशुतोष सिंह उर्फ सोमा सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे थे। किंतु पिछले कुछ दिनों से आशुतोष सिंह का साथ छोड़ वह राजेश सिंह का प्रचार कर रहे थे।
चर्चा यह भी है कि शनिवार रात आशुतोष सिंह उर्फ सोमा सिंह और उनके समर्थकों के साथ ठेकेदार कृष्ण कुमार सिंह से खनुआन गांव में काफी कहासुनी भी हुई थी। जिसमें एक दूसरे को देख लेने की धमकी दी गई थी। वहीं मृतक ठेकेदार कृष्ण कुमार सिंह के पिता शैलेश सिंह ने अपने पटीदार चन्द्रशेखर सिंह उर्फ भोले और कालीचरण यादव उर्फ कल्लू निवासी गोसाईपुर पठकौली के खिलाफ नामजद हत्या की तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। सूत्रों की माने तो आरोपी कल्लू इनके परिवार का कभी बड़ा करीबी रहा है। तहरीर के आधार पर चोलापुर पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुटी हुई है। चोलापुर थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा कर पीएम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मृतक के सिर में पीछे की तरफ से दो गोलियां लगी हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद काफी चीजें साफ हो जाएगी। फोरेसिंक एक्सपर्ट्स ने बताया कि चूंकि घटनास्थल के नजदीक कोई घर न होने की वजह से और सिर में सटाकर गोली चलने की वजह से गोली की आवाज दूर तक नही गई होगी। जिसकी वजह से परिजनों और आसपास वालों को घटना की जानकारी तुरन्त नही हो सकी। चोलापुर थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस जमीनी विवाद और चुनावी रंजिश दोनो ही कोण से मामले की जांच में लगी है। घटना से जुड़े कई लोगो को हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही है जल्द ही घटना का खुलासा होगा और आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
पारिवारिक स्थिति
कृष्ण कुमार सिंह उर्फ जय किशन दो भाइयों में छोटे थे। बड़े भाई की शादी के कुछ महीने बाद पानी में डूबने से मौत हो गई थी। जिसके बाद परिजनों ने कृष्ण कुमार की शादी उन्हीं की भाभी नीतू सिंह से करा दिया गया था। जिससे उन्हें दो पुत्र हैं। बड़े लड़के का नाम सूर्य प्रताप सिंह और दूसरे बेटे का नाम चंद्र प्रताप सिंह है। शनिवार को बड़े बेटे का जन्मदिन भी थापरिवार में हर्षोल्लास के साथ उसका जन्मदिन मनाया गया था। कृष्ण कुमार सिंह सारनाथ थाना क्षेत्र के साईं नगर में भी एक मकान बनाकर रहता थे, वहां पर भी एक युवती चांदनी के साथ वह प्रेम विवाह कर उसके साथ रहते थे। दूसरी पत्नी से एक लड़का और एक लड़की है। लड़के का नाम वीर प्रताप सिंह उम्र 6 वर्ष और लड़की दिव्यांशी सिंह उम्र 3 वर्ष है। गम्भीर बीमारी के कारण दूसरी पत्नी चांदनी की मौत हो गई थी। कृष्ण कुमार सिंह उर्फ जैन इधर कुछ सालों से चांदनी के 2 बच्चों को लेकर गांव पर ही पहली पत्नी के साथ रहकर चुनाव प्रचार की तैयारी कर रहे थे।
Related Stories
October 23, 2023