प्रयागराज/नि.सं.
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा दिल्ली एयरपोर्ट से कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) सदस्य प्रमोद तिवारी और कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्र ‘मोना’ के साथ प्रयागराज के लिए निकल चुकी हैं। उनके आने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने घूरपुर के बसवार में गांव में डेरा डाल दिया है। गांव के लोगों से बातचीत करने के साथ क्षतिग्रस्त नाव को दुरुस्त कराने का काम भी शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा पुलिस प्रशासन की चहलकदमी भी गांव में बढ़ गई है।
11:30 बजे बमरौली एयरपोर्ट पर होगी लैंडिंग
एडीएम सिटी अशोक कुमार कनौजिया ने बताया कि वह सुबह 11:30 बजे बमरौली एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां से सड़क मार्ग से दोपहर 12:30 बजे बसवार गांव पहुंचेंगी। 12:30 से 02:15 बजे तक वह निषाद समुदाय से वार्ता कर उनके जख्मों पर सियासी मरहम लगाएंगी। यहां से वह वापस 03:15 बजे बमरौली एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां कुछ पार्टी पदाधिकारियों से वह वार्ता भी कर सकती हैं। शाम चार बजे उनकी फ्लाइट दिल्ली के लिए रवाना हो जाएगी।
नैनी में प्रियंका का स्वागत करेगा युवा कांग्रेस
प्रियंका का काफिला नैनी होते हुए बसवार पहुंचेगा। इससे पहले नैनी के लेप्रोसी मिशन चौराहे पर चंद मिनट के लिए उनका ठहराव होगा। यहां युवा कांग्रेस की तरफ से उनका स्वागत भी किया जाएगा। युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव जितेंद्र तिवारी ने बताया कि युवाओं की टीम पहले से यहां मौजूद रहेगी। वह प्रियंका का स्वागत करने के बाद काफिले के साथ गांव के लिए रवाना होगी।
आखिर क्यों सुर्खियों में है बसवार
यमुनापार के बसवार में चार फरवरी को अवैध खनन रोकने गई पुलिस, प्रशासन और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने खनन में लिप्त नावों को तोड़ दिया था। इस पर ग्रामीण उग्र हो गए। जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसमें महिलाओं समेत 30 से अधिक ग्रामीण चोटिल हो गए। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस ने खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई न करके छोटे नाविकों की एक दर्जन से अधिक नावें तोड़ दीं। मामले में पुलिस ने 200 से अधिक ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया।
Related Stories
January 2, 2024
December 2, 2023
November 2, 2023