प्रयागराज/नि.सं.,
शुक्रवार शाम बादलों की तेज गर्जना के बीच कई स्थानों पर वज्रपात भी हुआ। शहर के पूरामुफ्ती इलाके में तेवरा गोविंदपुर क्षेत्र में वज्रपात से 40 वर्षीय नरेश पुत्र सूर्यबली, 15 वर्षीय उस्मान पुत्र अकील अहमद निवासी बेली गांव तथा 13 वर्षीय राजाबाबू पुत्र हीरालाल निवासी कठौती, मेजा और झूंसी में अजोरा देवी (45) की मौत हो गई। जबकि नरेश के छोटे 34 वर्षीय भाई राम सिंह व 25 वर्षीय गयाल झुलस गए। झुलसे लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एडीएम वित्त एवं राजस्व ने बताया कि मृत लोगों के पीडि़त परिवार को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। झूंसी के नीवी भतकार गंगा किनारे स्थित खेत में चारा काटने गए चार लोग आकाशीय बिजली की जद में आ गए। इस दौरान अजोरा देवी (45) पत्नी श्याम सुंदर निषाद की मौत हो गई जबकि शोभा देवी, रंजीत, अनीता झुलस गए। तीनों को निकट के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार शाम तेज बारिश में आकाशीय बिजली गिरने से भतकार गांव के गंगा तट पर चारा काटने गई अजोरा देवी (45) पत्नी श्यामसुंदर निषाद, शोभा देवी (50) पत्नी स्वर्गीय भगवानदीन, रंजीत (28) व उसकी पत्नी अनीता (22) खेत में चारा काट रहे थे। उसी दौरान तेज कड़ाके की आवाज से आकाशीय बिजली गिरी, जिससे चारों लोग झुलस कर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने देखा तो गांव में गुहार लगाई। लोग मौके पर पहुंचे और चारों को झूसी के एक प्राइवेट अस्पताल ले गए। इसमें अजोरा देवी की मौत हो चुकी थी, जबकि शोभा, रंजीत व अनीता को उपचार के लिए भर्ती कर लिया गया।
सड़कों पर जल जमाव, नाले भी ओवर फ्लो
करीब साढ़े तीन बजे शुरू तेज बरसात से शहर और गांव की सड़कें पानी से लबालब हो गईं। नाले ओवरफ्लो हो गए। नाला किनारे बसे लोगों के घरों में पानी घुसने लगा। प्रयागराज शहर के राजरूपपुर, राजापुर, दरियाबाद समेत तमाम इलाकों में ऐसी समस्या पैदा हो गई। लूकरगंज, लीडर रोड, निरंजन डाट पुल समेत कई जगहों पर जल जमाव से वाहनों की आवाजाही पर असर पड़ा।
Related Stories
January 2, 2024
December 2, 2023
November 2, 2023