फतेहपुर/संवाददाता,
परम्परागत रूप से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाये जाने के लिए पुलिस लाइन व पीएसी में झांकियों की सजावट व पूजा-अर्चना की तैयारियों को गुरूवार की देर शाम अन्तिम रूप देते हुए तैयारियां पूरी कर ली गयीं। पीएसी व पुलिस लाइन में झांकी को आकर्षक बनाने के लिए जवानों ने कड़ी मशक्कत की है। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को मनोरंजन गृह में जन्माष्टमी पर सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं झांकी दर्शन आठ बजे से होगा। तत्पश्चात प्रसाद वितरण भी किया जायेगा। उधर पीएसी के सेनानायक ने बताया कि 19 अगस्त को मनाई जाने वाली जन्माष्टमी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। सांयकाल दस बजे से कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। उन्होने बताया कि पुलिस माडर्न स्कूल के बच्चों तथा वाहिनी के कर्मचारियों द्वारा रात आठ बजे से ग्यारह बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जायेंगे। तत्पश्चात ग्यारह बजे से साढ़े ग्यारह बजे तक भजन कीर्तन होगा। इसके बाद साढ़े ग्यारह बजे से जन्मोत्सव मनाया जायेगा। इसी क्रम में प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गयी है।