वाराणसी संवाददाता
रामनगर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपए के जेवरात पर हाथ साफ किया। मकान स्वामी दिनेश यादव परिवार संग भतीजे की शादी में चेतसिंह किला गये थे। रविवार की सुबह जब वें घर पहुंचे तो ताला टूटा देख हतप्रभ रह गए। घर में सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी।मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुटी।
मूलरूप से विश्वनाथ गली के रहने वाले दिनेश यादव पत्नी वंदना यादव व दो पुत्रियों के साथ पिछले एक साल से यहां मकान बनाकर रहते हैं। परिजनों ने बताया कि 15 जोड़ी सोने की बाली, 10 सोने की अंगूठी, तीन सोने की चेन, तीन हार, एक जोड़ी चूड़ी, दो जोड़ी पायल, तीन लाकेट सहित अन्य जेवरात शामिल हैं। लोगों ने कहा कि पिछले वर्ष भी क्षेत्र में कई चोरियां हुई थीं। जिसका पुलिस अभी तक राजफाश नहीं कर सकी। वहीं एक बार फिर क्षेत्र में हुई चोरी से लोग सहमें हुए है। पीडित पक्ष के अनुसार घर में टाइल्स लगाने का काम चल रहा था। इस समय घर में कोई नहीं है। इसकी जानकारी कामगारों को भी थी। इस बाबत परिजन घर में काम करने वाले मजदूरों पर आशंका जता रहे हैं। हालांकि, किसी के खिलाफ लिखित शिकायत नहीं की गई है। पुलिस ने कहा कि पीड़ित की ओर से तहरीर मिली है, क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। वहीं खाली मकान में चोरी होने की घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों के मन में भी दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की सुस्ती की वजह से इस तरह की वारदात सामने आई है। वहीं पीड़ितों ने भी सुरक्षा में लापरवाही का आरोप सुरक्षा व्यवस्था पर लगाते हुए जल्द ही वारदात में शामिल लोगों का चेहरा सामने लाने की मांग की है।
Related Stories
October 23, 2023