वाराणसी/नि.सं.
बनारस का मिजाज और अंदाज निराला है। पर्व उत्सवों को मनाने की अदा भी आला है। कुछ ऐसे ही होलिका दहन से पहले होली बरात निकाली गई। बड़ी बाजार स्थित शीतला मंदिर से जब झांकियां निकलीं तो इसमें काशी की गंगा-जमुनी तहजीब नजर आई। सज्जित वाहन पर भोले बाबा और देवी पार्वती की झांकी और पीछे झूमते गाते भक्तों का रेला उमड़ पड़ा। दूल्हा-दुल्हन को लेकर निकली अलबेली बरात में होरी और फाग गूंजा अबीर-गुलाल उड़ाए और मिल्लत का पैगाम दिलों तक पहुंचाते नजर आए। होलिका की रात रविवार को ठाठ-बाट के साथ होली बरात रात करीब नौ बजे निकाली गयी। ढोल-तासा, नगाड़ा और बैंड-बाजा के साथ बरात और बाराती जिधर चले उधर होली की टोली भी हो-ली। हाथी-घोड़े से सुसज्जित बरात की जगह-जगह आतिशबाजी से अगवानी की गई। बग्घी पर सवार दूल्हा-दुल्हन के अलावा आराध्यों की सजीव झांकियां भी शामिल रहीं। इसमें शिव-पार्वती, श्रीकृष्ण-राधा और भगवान गणेश को लोग बाग निहारते रहे। वहीं, युवाओं की टोली नृत्य का शो प्रदर्शित करती हुई चल रही थी। बरात बड़ी बाजार स्थित शीतला माता मंदिर से उठकर जैतपुरा छहमुहानी, डिगिया, औसानगंज, डीएवी कालेज होते औसानगंज, ईश्वरगंगी, नागकुंआ और रसूलपुरा होते हुए वापस बड़ी बाजार पहुंचकर समाप्त हुई। बतौर मुख्य अतिथि मंत्री रविंद्र जायसवाल ने बरात को रवाना किया। मनोज जायसवाल, अमित जायसवाल (पार्षद), सुधीर जायसवाल, आनंद जायसवाल, सोनू गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, विनोद केशरी, गोलू यादव, शरद गुप्ता, एखलाक अहमद पार्षद आदि थे।
Related Stories
October 23, 2023