रायबरेली/संवाद सूत्र
संविधान शिल्पी डॉ. भीमराव अंबेडकर की 130 वीं जयंती के अवसर पर जनपद के तमाम सामाजिक संगठनों ने उनका विविध रूपों में जन्मदिन मनाया। कोविड-19 के लगातार बढ़ रहे संक्रमण और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में शिक्षकों व कर्मचारियों की ड्यूटी होने के चलते डॉ. आंबेडकर के अनुयायियों ने अपने स्तर पर विविध रूपों में उनका जन्मदिन मनाया। जहां लोगों ने हाथी पार्क स्थित अंबेडकर प्रतिमा, अंबेडकर नगर स्थित अंबेडकर मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित किया। वहीं पर कुछ लोगों ने डॉ. अंबेडकर बुद्ध विहार पंचशील नगर बालापुर स्थित बुद्ध विहार जाकर वंदना, त्रिशरण और पंचशील ग्रहण किया। डॉ अंबेडकर के तमाम अनुयाई जिनकी पंचायत चुनाव में ड्यूटी लगी है, ने सुबह अपने परिवार के साथ घरों में ही अंबेडकर प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनका जन्मदिन मनाया। इसी कड़ी में भारतीय बौद्ध महासभा के जिला अध्यक्ष सुनील दत्त ने डॉ. अंबेडकर को नमन करते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर थे, इसलिए हम हैं। डॉ. अंबेडकर समतामूलक समाज के पोषक थे। वे संविधान प्रदत्त लोकतंत्र के माध्यम से देश को उन्नति के शिखर पर ले जाना चाहते थे। उन्होंने शिक्षा के उत्थान के लिए एजुकेशनल पीपल सोसाइटी, सामाजिक उत्थान के लिए समता सैनिक दल, राजनैतिक उत्थान के लिए रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया और धार्मिक उत्थान के लिए बुद्धिष्ट सोसायटी आफ इंडिया की स्थापना किया। इसके अलावां उन्होंने गरीबों की आवाज सरकार तक पहुंचाने के लिए मूकनायक और जनता जैसे समाचार पत्रों का प्रकाशन भी किया। इस अवसर पर अंबेडकरनगर में महासभा के महामंत्री प्रमोद कुमार, अंबेडकर नगर विकास समिति के अध्यक्ष सी बी गौतम, झलकारी बाई कल्याण विकास परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष रामसमुझ लाल धीमान, बालापुर स्थित बुद्ध विहार में बौद्ध भिक्षु सील सागर, रामप्रसाद बौद्ध, इंदिरा नगर में मंजू अंबेडकर, अनीता प्रियदर्शी, नरपतगंज में श्यामलाल मूलनिवासी, जवाहर बिहार में सरोज अनिल कुमार, छतोह में अशोक सावंत, छजलापुर में कमला बौद्ध, धम्म दृष्टि, धम्म वृष्टि आदि ने भी डॉ. अंबेडकर का जन्मदिन मनाया।
Related Stories
November 10, 2023
June 4, 2023