प्रयागराज/संवाद सूत्र
गुंडागर्दी और पुलिस की उदासीनता से परेशान होकर एक दंपती ने दो बच्चों समेत सोमवार को जिला कचहरी परिसर में आत्मदाह करने की कोशिश की। पति-पत्नी ने खुद और दोनों बच्चों पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया तभी वकीलों और पुलिसवालों ने पकड़ लिया। उन सभी को कर्नलगंज थाने ले जाया गया है जहां पुलिस अधिकारी उनसे पूरे मामले की जानकारी ले रहे हैं। धर्मवीर कुमार थरवई थाना क्षेत्र के फैजुलापुर हेतापट्टी का रहने वाला है। उसका आरोप है कि गांव के रामकैलाश और उसके परिवार के लोग दबंगई करते हैं और शिकायत पर पुलिस भी कुछ नहीं करती। 2017 में उन लोगों ने धर्मवीर की जमीन पर जबरन कब्जा करने के साथ ही घर भी तोड़ दिया था। उसका अनाज और अन्य सामान उठा ले गए थे। बडे़ टालमटोल के बाद पुलिस ने मुकदमा तो लिखा लेकिन किया कुछ नहीं। नतीजतन ये दबंग धर्मवीर की जान के लिए आफत बन गए हैं। वे अक्सर धमकी देते हैं कि मुकदमा वापस ले लो वरना परिवार सहित खत्म कर दिया जाएगा।
परेशान होकर किया जलकर मरने का फैसला
धर्मवीर का कहना है कि वह थाने और पुलिस अधिकारियों का चक्कर लगाते थक गया लेकिन उसकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। इसी वजह से परेशान होकर उसने परिवार सहित आत्मदाह करने का फैसला किया। वह बोतल में पेट्रोल लेकर जिला कचहरी परिसर पहुंचा और पत्नी और दोनों समेत खुद पर पेट्रोल डाल लिया। वह माचिस से आग लगाने ही वाला था तभी वकीलों ने पकड़ लिया। पुलिसकर्मी भी आ गए। पति-पत्नी और दोनों बच्चे पेट्रोल से भीगे थे। पुलिस उन्हें कर्नलगंज थाने ले गई जहां उनसे पूरे प्रकरण की जानकारी ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि अफसरों को पूरा जानकारी देकर इस बारे में अगली कार्रवाई की जाएगी।
Related Stories
January 2, 2024
December 2, 2023
November 2, 2023